छत्तीसगढ़

पति-पत्नी की हत्या का खुलासा, 2024 के ब्लाइंड मर्डर केस का भी खुला रहस्य…..

सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि पूछताछ में आरोपियों ने दो साल पहले मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देना कबूल किया है। इस तरह सक्ती पुलिस ने दो ब्लाइंड डबल मर्डर केस सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है।

Advertisement

2 और 3 जून की दरम्यानी रात सेंदुरस गांव में घर के बाहर सो रहे पुरूषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद महिला के सोने के जेवर और नकदी भी गायब थे। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। साइबर तकनीक, मोबाइल टावर डंप और सीईआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने देवकुमार यादव और रूपचरण यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर मृतक से उनका विवाद हुआ था, जिसके चलते उन्होंने वारदात की साजिश रची। रात में घर में घुसकर दोनों पति-पत्नी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया और जेवर, नकदी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉड, खून लगे कपड़े, नकदी और लूट का सामान बरामद किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए पति-पत्नी के चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम दिया था। उस मामले में भी घर में घुसकर दंपति की हत्या कर आभूषण लूटे गए थे। पुलिस ने लूट का सोना खरीदने वाले जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से सोने के जेवर, गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

 

लगातार पांच दिनों तक चले ऑपरेशन के बाद मिली इस सफलता पर बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सक्ती पुलिस का कहना है कि दोनों जघन्य हत्याकांडों के खुलासे से जिले की सबसे बड़ी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री सुलझ गई है।

Related Articles

Back to top button