422 किलो गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थों का किया गया नष्टीकरण…..

रायगढ़ – छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार, रायगढ़ जिले में जब्त मादक पदार्थों का आज विधिवत निपटान किया गया। जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को पर्यावरणीय अनुमति प्राप्त कर एमएसपी स्टील एंड पॉवर लिमिटेड, जामगांव की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया।
जिले के 25 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों में 422.259 किलोग्राम गांजा, 1132 सिरप की बोतलें, 1425 टेबलेट/कैप्सूल, और 44 इंजेक्शन/एम्पुल शामिल थे।
इस प्रक्रिया की निगरानी जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने की। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश मरकाम, सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो, नगर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक श्री उत्तम प्रताप सिंह और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का भौतिक सत्यापन और पर्यावरणीय दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया। यह कार्रवाई नशीली दवाओं के खिलाफ प्रशासन की कड़ी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।




