चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई, 8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी उमेश साहू के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को वार्ड नंबर 9 वर्मा मोहल्ला चकरभाठा में दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी घनश्याम अधेलिया (20 वर्ष) पिता हृदय अधेलिया, निवासी वार्ड नंबर 5 अचनकपुर, थाना चकरभाठा को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक 15 लीटर क्षमता वाली फेविकोल बल्टा में रखा 8 लीटर हाथ भट्ठी से बना कच्चा महुआ शराब बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1600 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।चकरभाठा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।




