ई-चालान का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी, रेलवे कर्मचारी के खाते से 2.85 लाख उड़ाये

(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का चौंकानें वाला मामला हुआ है। ठगों ने ई-चालान के फर्जी मैसेज के जरिए रेलवे कर्मचारी के खाते से 2 लाख 85 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित विवेक कुमार रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर बिलासपुर कंट्रोल रूम में पदस्थ हैं। 7 मार्च की रात उनके मोबाइल पर ओवरस्पीडिंग का एक ई-चालान मैसेज आया, जिसमें कोई राशि दर्ज नहीं थी। संदेह होने पर उन्होंने मैसेज को नजरअंदाज कर दिया, लेकिन इसके कुछ घंटों बाद ठगों ने उनके आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े अमेजन पे क्रेडिट कार्ड को हैक कर लिया।
इसके बाद एक के बाद एक चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पीड़ित के मोबाइल नंबर से लिंक ई-मेल आईडी भी बदल दिया । घटना के बाद पीड़ित रेल कर्मी ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर तोरवा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अनजान लिंक या मैसेज की जरा सी अनदेखी करना व्यक्ति को आर्थिक ठगी से नही बचा सकती, इसलिए सतर्क रहना ही सुरक्षा की गारंटी है।




