गांव में घुसा हाथी, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायगढ़-सारंगढ़ क्षेत्र के टैंगनाकछार गांव में एक हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी के गांव के करीब आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।बताया जा रहा है कि हाथी जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र की ओर पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। हाथी की गतिविधियों पर वन अमला लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की जनहानि या नुकसान न हो।
वन विभाग की टीम ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया है। ग्रामीणों से रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने, अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने और हाथी के करीब न जाने की अपील की गई है। साथ ही किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने को कहा गया है।
वन अमला हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने के प्रयास में जुटा है। फिलहाल गांव और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्कता बरतने की अपील की है।




