जांजगीर-चाम्पा

यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, 30 से ज्यादा घायल

जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। करनाेद के पास एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे, जबकि कुछ लोग खिड़कियों के सहारे बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

Advertisement

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस के दरवाजे और खिड़कियों के जरिए अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में 30 से अधिक लोगों को चोटें आई हैं। कुछ यात्रियों को हाथ, पैर और सिर में चोट लगी है। घटना की सूचना मिलते ही बम्हनीडीह थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि समय पर मदद मिलने से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस कोरबा के जमनीपाली से बाररसिया की ओर जा रही थी। घायलों को इलाज के लिए बम्हनीडीह स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण बिगड़ने की वजह से यह दुर्घटना हुई। फिलहाल बम्हनीडीह पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button