ब्रेक फेल माजदा ने मचाई दहशत, बाइक सवार को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में एक बड़ा हादसा टल गया… लेकिन इस घटना ने सिस्टम की लापरवाही पर फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सिरगिट्टी इलाके में ब्रेक फेल माजदा ने दहशत मचा दी और एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हेमू नगर ब्रिज के नीचे अनवर बक्शी मार्ग का है… जहां शुक्रवार शाम मजदूरों से भरा माजदा वाहन अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गया।
चालक ने हालात संभालने की कोशिश में गाड़ी को गली की ओर मोड़ा… लेकिन इसी दौरान सामने से आ रहे बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद माजदा नाली में जा घुसा… जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया… जबकि वाहन में सवार महिला मजदूरों को भी हल्की चोटें आई हैं।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गाड़ी बाजार की ओर जाती… तो बड़ा हादसा हो सकता था… क्योंकि यहां रोजाना अवैध सब्जी बाजार लगता है और भारी भीड़ रहती है।



