बिलासपुर में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 40 गोदाम सील, 18 कबाड़ी हिरासत में

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कबाड़ गोदामों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 49 कबाड़ियों की जांच की गई, जिनमें से कई कारोबारियों के पास जरूरी वैधानिक दस्तावेज नहीं पाए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने 40 कबाड़ गोदामों को सील कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक इन कारोबारियों के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि कई स्थानों पर चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त भी की जा रही थी, जिसे लेकर जांच तेज कर दी गई है।
वहीं थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक वाहन को जप्त किया गया है। पुलिस ने 18 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर police का कहना है कि अवैध कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और बिना दस्तावेज के व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




