छत्तीसगढ़

 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों के गांजा के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 56 किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत करीब 86 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

Advertisement

गरियाबंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से जुड़े कुछ तस्कर अवैध गांजा की बड़ी खेप लेकर परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर स्विफ्ट डिजायर और मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहनों से कुल 156.06 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को हिरासत में लिया।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल राजपूत, संजय बामने, अनिकेत उर्फ अंकित पाल और साहिल खान के रूप में हुई है, जो सभी भोपाल मध्यप्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा की खेप को दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की फिराक में थे। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button