बिलासपुर बास्केटबॉल लीग सीजन-2: डीएलएस डायनामोस बना चैंपियन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर बास्केटबॉल लीग सीजन–2 में डीएलएस डायनामोस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के पीछे अहम भूमिका रही टीम के कोच टी. प्रकाश राव की, जो छत्तीसगढ़ के प्रथम अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं।
छत्तीसगढ़ स्कूल बास्केटबॉल कोर्ट में खेले गए फाइनल मुकाबले में डीएलएस डायनामोस ने राइजिंग चौकसे को बेहद रोमांचक मुकाबले में 51–49 अंकों से हराया। डीएलएस की ओर से सिद्धार्थ सिंह ने 15 और प्रशांत त्रिपाठी ने 13 अंक बनाए। टीम के कोच टी. प्रकाश राव, जो वर्तमान में रेलवे में उप मुख्य टिकट निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, उनके अनुभव और मार्गदर्शन में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।
इससे पहले तीसरे स्थान के मुकाबले में मां कामाख्या फाइटर ने एविक फाइटर को 66–44 अंकों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।




