बिलासपुर

व्यापार विहार में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा….मसालों के सैंपल जब्त, जांच रिपोर्ट को लेकर व्यापारियों ने उठाए सवाल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के व्यापार विहार में नकली सामान की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने एक प्रतिष्ठान से मसालों के सैंपल जांच के लिए जब्त किए। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और व्यापारियों के बीच सवाल-जवाब भी हुए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि लगातार सैंपल तो लिए जा रहे हैं, लेकिन जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती। साथ ही होटल और डेयरी उत्पादों पर भी समान कार्रवाई की मांग उठाई।

Advertisement

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर व्यापार विहार स्थित अनिल ट्रेडर्स पहुंचकर एवरेस्ट ब्रांड के मसालों का नमूना लिया। अधिकारियों ने बताया कि सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यदि उत्पाद अमानक या नकली पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने विभाग से सवाल किया कि लगातार व्यापारियों के यहां सैंपल लिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कितने सैंपल फेल हुए और किन मामलों में कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती। व्यापारियों ने होटल, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी समान रूप से जांच अभियान चलाने की मांग की।

 

मर्चेंट एसोसिएशन ने कहा कि यदि कोई व्यापारी नकली सामान बेचते हुए पाया जाता है तो संगठन उसका समर्थन नहीं करेगा। लेकिन अधिकारियों को केवल छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई करने के बजाय यह भी पता लगाना चाहिए कि संदिग्ध या नकली सामान की सप्लाई आखिर कहां से हो रही है, ताकि स्रोत पर भी प्रभावी कार्रवाई हो सके।फिलहाल विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लिया गया सैंपल मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button