जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप….तहसीलदार के सामने दो पक्षों में खूनी झड़प

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के पचपेड़ी में जमीन विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। बेदखली कार्रवाई के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच जमकर भिड़ंत हुई। ईंट-पत्थर और डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया।
इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।बेदखली की कार्रवाई शुरू होते ही दोनों पक्ष भड़क उठे और देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पचपेड़ी थाना में दोनों ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से हालात काबू में हैं, लेकिन इलाके में तनाव का माहौल अब भी बना हुआ है।




