दोस्ती में विश्वासघात: 36.50 लाख गबन का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग से 36 लाख 50 हजार रुपये गबन करने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात का मास्टरमाइंड प्रार्थी का करीबी मित्र ही निकला।
प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे ने जमीन खरीद की टोकन राशि देने के लिए रकम कार में रखी थी। कार की चाबी उसने अपने मित्र नितिन सोनी को सौंप दी थी। कुछ देर बाद नितिन ने ही फोन कर रकम चोरी होने की सूचना दी। संदेह के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच शुरू की। पूछताछ में नितिन बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ और घटनास्थल के रिक्रिएशन के बाद उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों नितिन कुमार सोनी और तनवीर आलम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36 लाख 50 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि आर्थिक अपराधों में भी त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




