SI के सूने क्वार्टर में चोरी की कोशिश, तीसरी मंजिल से कूदकर भागा आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस अधिकारियों के घर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन क्वार्टर में एक एसआई के सूने मकान में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक एसआई का परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी सूने मकान में घुसकर घर का सामान खंगालने लगा। घर में संदिग्ध हलचल देख पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया और तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने का दावा किया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। नागरिकों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।




