बिलासपुर

विजयादशमी पर बिलासपुर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन, परंपरा के साथ मनाया गया असत्य पर सत्य की जीत का पर्व

(भूपेंद्र सिंह राठौर/प्रदीप भोई) : बिलासपुर – असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी (दशहरा) गुरुवार को बिलासपुर में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर, बिलासपुर पुलिस लाइन में पुलिस विभाग द्वारा शस्त्र पूजन की सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधि-विधान से अपने हथियारों का पूजन किया। पूजन कार्यक्रम गुरुवार सुबह 9 बजे आयोजित किया गया।

Advertisement

पुलिस लाइन के शस्त्रागार में सभी आधुनिक हथियारों की साफ-सफाई कर उनकी प्रदर्शनी लगाई गई। एसएसपी रजनेश सिंह सहित अधिकारियों ने शस्त्रों की पूजा की और हवन में आहुति दी। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि विजयादशमी असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है, और पुलिस लाइन में इस दिन हथियारों की पूजा करने की परंपरा रही है। यह पूजा इसलिए की जाती है ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे और माँ दुर्गा का आशीर्वाद मिलता रहे।

Advertisement

 

शस्त्रों की पूजा के बाद, एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस अफसरों ने बंदूक उठाकर बारी-बारी से हवाई फायरिंग भी की। इस हवाई फायरिंग के साथ सभी पुलिसकर्मियों ने शांति का संकल्प लिया।

माना जाता है कि विजयादशमी के दिन भगवान श्री राम ने रावण का वध करने से पहले अपने शस्त्रों का पूजन कर देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया था, जिसके बाद उन्हें विजय मिली थी। यही कारण है कि इस दिन शस्त्र पूजन की परंपरा निभाई जाती है।

 

इस अवसर पर एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल, एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा, ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे, एएसपी गरिमा द्विवेदी, एसीसीयू प्रभारी एएसपी अनुज कुमार, सीएसपी निमितेश सिंह परिहार, पुलिस प्रवक्ता रश्मित कौर चावला, डीएसपी भारती मरकाम, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय एवं रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में, बिलासपुर जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को और समस्त नागरिकों को दुर्गा पूजा-नवरात्रि और विजयदशमी की बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Back to top button