बिलासपुर

लूट की कोशिश नाकाम, हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के बेलगहना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से धारदार हथियार और बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।मामला कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र का है, जहां 1 अप्रैल की रात गनियारी से मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे लोगों को सुनसान जंगल में रोककर लूट की कोशिश की गई।

Advertisement

बताया जा रहा है कि बेलगहना-कोनचरा मार्ग के नीलगिरी प्लांट के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार सवारों का रास्ता रोककर चाकू दिखाते हुए लूट का प्रयास किया। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तेजी से निकाल लिया।आरोपी करीब 7 किलोमीटर तक कार का पीछा करते हुए विचारपुर गांव तक पहुंच गए और वहां फिर से कार सवारों को रोककर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

Advertisement

भागते समय आरोपी अपनी बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए। अगले दिन पीड़ित की शिकायत पर बेलगहना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों सिद्धांत पाण्डेय उर्फ राज पाण्डेय और राजकुमार पोर्ते उर्फ सोनू—को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।

 

आरोपियों के पास से एक खंजरनुमा चाकू और एक स्टील का फोल्डिंग चाकू बरामद किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वहीं, इस पूरे मामले में ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से एक बड़ी वारदात टल गई।फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button