मोबाइल टूटने पर दोस्त की हत्या, घर में दफनाई लाश, एक हफ्ते बाद थाने पहुंचा आरोपी, बोला :“भूत कह रहा है अंतिम संस्कार करा दो”

अंबिकापुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मोबाइल टूटने के मामूली विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में दफना दिया। लेकिन एक हफ्ते बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया और चौंकाने वाली बात बताई।मामला अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर इलाके का है।बताया जा रहा है कि 24-25 मार्च की रात बृजलाल अगरिया अपने दोस्त मिथलेश कुजूर के घर पहुंचा था। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
इसी दौरान धक्का-मुक्की में मिथलेश का मोबाइल गिरकर टूट गया। मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ मिलकर शव को घर में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। ऊपर से प्लाईबोर्ड और मिट्टी डालकर पूरे मामले को छुपाने की कोशिश की गई।
घटना के बाद दोनों पति-पत्नी कुछ दिनों तक रिश्तेदारों के यहां छिपते रहे। लेकिन एक हफ्ते बाद आरोपी खुद गांधीनगर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपने दोस्त का भूत दिखाई देता है, जो रात में आकर कहता है कि “मेरी हत्या कर दी है, अब मेरा अंतिम संस्कार करा दो।” इसी डर और बेचैनी के कारण उसने पुलिस के सामने सच्चाई कबूल कर ली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मजिस्ट्रेट व फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घर की खुदाई कराई गई। जहां से बृजलाल का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।




