सिम्स में इलाज के दौरान एक और विचाराधीन कैदी की मौत; बीते दिनों हत्या और हादसे समेत 3 कैदी गंवा चुके हैं जान

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर:-सिम्स अस्पताल बिलासपुर में इलाज के लिए भर्ती कराए गए एक आजीवन कारावास के सजायाफ्ता कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक कैदी का नाम रामभरोस मांझी उम्र लगभग 68 वर्ष, पिता जगतराम मांझी है, जो कि ग्राम खोखरोआमा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ का निवासी था।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत : आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दंडित बंदी क्रमांक 3193/93 रामभरोस मांझी की 17 जुलाई 2026 को बिलासपुर केंद्रीय जेल में अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद उसे तत्काल जेल बल की सुरक्षा अभिरक्षा में जांच एवं त्वरित उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर भेजा गया था। जहां सिम्स अस्पताल के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच के बाद 17 जुलाई 2026 को सुबह 09:30 बजे बंदी को मृत घोषित कर दिया गया।
हत्या के मामले में काट रहा था आजीवन कारावास : मृतक बंदी रामभरोस मांझी के खिलाफ थाना घरघोड़ा में अपराध धारा 302 के तहत मामला दर्ज था। चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश रायगढ़ के न्यायालय द्वारा 29 दिसंबर 2010 को उसे आजीवन सश्रम कारावास और 1,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी, जिसके खिलाफ की गई अपील भी 09 जनवरी 2015 को खारिज हो गई थी। वह 12 दिसंबर 2009 से लगातार जेल में बंद था और 02 जनवरी 2011 को उसे जिला जेल रायगढ़ से स्थानांतरित कर बिलासपुर केंद्रीय जेल भेजा गया था।



