टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 37.50 लाख नकद के साथ ऑनलाइन सट्टा गिरोह गिरफ्तार

रायपुर – टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 3 महंगी कारें और 10 मोबाइल फोन जब्त करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन अलग-अलग कारों से 6 आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ और मोबाइल जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर आईडी की बिक्री कर रहे थे और कमीशन के जरिए अवैध मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, महिंद्रा थार और नेक्सा XL6 समेत 3 कारें, और 10 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 92.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में से चार आरोपी पहले भी जुआ और सट्टे के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े म्यूल बैंक अकाउंट्स, हवाला ट्रांजैक्शन और अन्य राज्यों से जुड़े लिंक की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की पहचान भी की जा रही है और उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि बदलते अपराध के साथ पुलिस की रणनीति भी बदली है और सट्टेबाजों पर लगातार नजर रखी जा रही है।




