पत्नी से हुआ विवाद तो गुस्साएं पति ने कुल्हाड़ी से कर दी मवेशी की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम कपियाभौना में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर घर के मवेशी की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 24 अगस्त की दोपहर की है। जानकारी के अनुसार आरोपी रामधनी एक्का (49 वर्ष) अपनी पत्नी बिमला एक्का से बकरी बेचने को लेकर झगड़ने लगा। पत्नी ने मना किया तो विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। पत्नी किसी तरह खेत की ओर भाग निकली, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में घर के मवेशी को टंगिया से मारकर उसकी हत्या कर दी।पत्नी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देता है और घर में भय का माहौल बना रहता है।
महिला की रिपोर्ट पर थाना कापू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2025, धारा 351(2), 325 बीएनएस तथा पशुक्रूरता अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव, सहायक उपनिरीक्षक कमल राजपूत और स्टाफ की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




