लाखों रु. की ठगी का आरोपी 5 साल बाद गिरफ्तार….

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पांच साल से फरार 30 लाख रुपये की ठगी के मुख्य आरोपी अशोक बंजारे को मनेन्द्रगढ़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामला वर्ष 2020 का है, जब बगीचा थाना क्षेत्र के एक रिटायर्ड कर्मचारी को नकली सोना असली बताकर तीन आरोपियों ने 30 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। इस ठगी में अशोक बंजारे सहित अनुप सोनी और विनोद सूर्यवंशी शामिल थे। घटना के बाद से आरोपी अशोक फरार था, जबकि अनुप सोनी को 2021 में गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं तीसरा आरोपी विनोद सूर्यवंशी की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी अशोक बंजारे मनेन्द्रगढ़ में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम को सरपंच चुनाव और घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात कबूल की है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में बगीचा थाना प्रभारी और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




