जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना ग्राम गीतारी पानी की है, जहां 71 वर्षीय फूलमइत बाई अपने घर में अकेली रहती थीं।बताया जा रहा है कि मृतिका लकवा से ग्रसित थी और चलने-फिरने में असमर्थ थी। रोज की तरह 4 अप्रैल की सुबह जब परिजन उन्हें खाना देने पहुंचे, तो वे घर में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और पास ही लकड़ी का डंडा पड़ा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
मामले की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही आरोपी छदनु राम (30 वर्ष) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसके परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे, जिसके चलते उसे बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का शक था। इसी शक के चलते उसने 3 अप्रैल की रात महिला के घर जाकर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।




