पूर्व बीडीसी सदस्य पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह में पूर्व बीडीसी सदस्य प्रदीप गुप्ता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी सामवेल टोप्पो को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 1 जून की शाम करीब 6:30 बजे की है, जब ग्राम केराडीह स्थित हार्डवेयर दुकान संचालक एवं पूर्व बीडीसी सदस्य प्रदीप गुप्ता एक फल दुकान के सामने हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे। आरोपी सामवेल टोप्पो, जो फल दुकानदार से लेन-देन को लेकर उलझा हुआ था, ने आवेश में आकर लोहे की रॉड से प्रदीप गुप्ता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गए।
गंभीर हालत में घायल प्रदीप गुप्ता को तुरंत कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2) व 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सामवेल टोप्पो को चंद घंटों में हिरासत में ले लिया और हमले में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई। जांच में सामने आया है कि सामवेल टोप्पो मुंबई में कार्यरत है और कुछ दिनों के लिए अपने गांव आया हुआ था। वह घटना को अंजाम देकर मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से वह पकड़ा गया। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, और सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आर.एस. पैंकरा, एएसआई राजकुमार कश्यप, आरक्षक हरिराम यादव, सुरेश एक्का, और नगर सैनिक बीरेंद्र भगत की अहम भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पूर्व बीडीसी सदस्य पर लोहे की रॉड से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




