ऑपरेशन शंखनाद: गौ-तस्करी का भंडाफोड़, 9 गौवंश बरामद….

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। 18 जून को चौकी पंडरापाठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवडांड के पास एक दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन से 9 नग गौवंश बरामद किए गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन में गौवंशों को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। हादसे में एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य आठ का पशु चिकित्सकों की देखरेख में इलाज कराया गया।
तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (JH13G7780) को जब्त कर लिया गया है। आरोपी तस्कर मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6, 10 और BNS की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि तस्करों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश कौशिक और प्रधान आरक्षक विनोद केरकेट्टा की विशेष भूमिका रही।




