ओवरब्रिज पर चाकूबाजी: पुलिस ने 3 नाबालिगों को किया गिरफ्तार

रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शंकर नगर ओवरब्रिज के पास हुई चाकूबाजी की घटना में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून की रात श्रेयांश सोनी अपने भाई-भाभी के साथ कार से बर्गर किंग से लौट रहे थे, तभी ओवरब्रिज मोड़ पर एक बाइक सवार ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। आपत्ति जताने पर तीन लड़कों ने श्रेयांश के भाई प्रियांशु पर चाकू से हमला कर दिया और सिर पर भी वार किया।
घटना की रिपोर्ट सिविल लाइन थाना में दर्ज की गई, जिसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर तीनों बालकों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।
पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उनसे घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक (CG 04 CW 1827) बरामद कर ली गई। इनमें से एक बालक पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत गंज थाने से निरुद्ध हो चुका है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित मालेकर, निरीक्षक परेश पांडेय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।




