जन्मदिन पार्टी में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

राजधानी रायपुर से सटे धरसींवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक फार्महाउस में जन्मदिन पार्टी के बहाने एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अब भी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता अपने परिचित के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए धरसींवा इलाके के एक फार्महाउस पहुँची थी।
पार्टी के दौरान आरोपियों ने युवती को धोखे से कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दी। नशा चढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह खुद को संभालते हुए धरसींवा थाने पहुँची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी आशीष जोशी, निवासी तेलीबांधा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी रूपेंद्र जोशी अब भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
धरसींवा थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। फार्महाउस से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है, और पुलिस ने पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी है।राजधानी के नजदीक हुई इस घिनौनी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।




