रायपुर

रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 40 लाख के 200 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे

रायपुर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये कीमत के 200 मोबाइल फोन खोजकर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।

Advertisement

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। आवेदकों द्वारा दर्ज कराए गए गुम मोबाइल फोन के मामलों में तकनीकी विश्लेषण करते हुए टीम ने न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि देश के कई अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए।

Advertisement

बरामद किए गए मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों से प्राप्त हुए हैं। कई मामलों में मोबाइल धारकों द्वारा फोन बंद कर दिए जाने के बाद भी रायपुर पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय कर मोबाइल फोन तस्दीक के बाद बरामद कराए और कुरियर के माध्यम से रायपुर मंगवाए।रायपुर पुलिस की यह मुहिम लगातार जारी है। वर्ष 2025 में भी रायपुर पुलिस ने लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये कीमत के 750 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों को लौटाए थे।

रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का दुरुपयोग किसी अपराध में न हो सके। साथ ही, मोबाइल को हमेशा पासवर्ड प्रोटेक्टेड रखने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

इसके अलावा, रायपुर पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई मोबाइल फोन लावारिस हालत में मिले, तो उसे तुरंत सिविल लाइन स्थित साइबर सेल कार्यालय में जमा करें। ऐसा करने वाले नागरिकों को रायपुर पुलिस द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button