नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, 6 गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल

रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में नाचने की बात को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। गुरू घासीदास जयंती के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान हुए इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों और विधि से संघर्षरत 3 नाबालिगों सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना 18 दिसंबर 2025 की रात करीब साढ़े 9 बजे की है। मोवा तालाब पार निवासी 18 वर्षीय दिनेश निषाद अपने साथियों के साथ शोभायात्रा में नाच रहा था। इसी दौरान बेस्ट च्वाइस मोवा के सामने भीड़ में नाचने के दौरान धक्का लगने से विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से स्टील पाइप, कड़ा और धारदार हथियार से दिनेश निषाद पर हमला कर दिया। हमले में दिनेश के सीने और पीठ पर गंभीर वार किए गए।
घायल दिनेश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 19 दिसंबर की सुबह उसकी मौत हो गई। मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 357/2025 के तहत धारा 103, 190 और 191 बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। लगातार दबिश और पूछताछ के बाद पुलिस ने चंद घंटों में 3 आरोपियों और 3 नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार हथियार, तीन स्टील पाइप और एक कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




