बिना शिनाख्त के युवक का किया अंतिम संस्कार, परिजनों ने जताया आक्रोश, SDM की मौजूदगी में निकाला गया शव

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक सड़क दुर्घटना में मौत का शिकार हुए 24 वर्षीय युवक दयानंद साहू के शव को पुलिस ने लावारिस मानते हुए शिनाख्त किए बिना ही दफना दिया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित नहीं की और जल्दबाज़ी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने थाने में जमकर हंगामा किया।
घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एसडीएम की मौजूदगी में शव को कब्र से निकाला। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अगर समय पर उन्हें सूचना दी जाती, तो वे अंतिम संस्कार से पहले पहुंच सकते थे। उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




