बिलासपुर

शराब पार्टी के बाद युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका….!

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा, त्रिवेणी नगर के पास का बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस शुरुआत में सहयोग का भरोसा देती रही, लेकिन अब मामले में ढिलाई बरती जा रही है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम ओंकार प्रसाद बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले रात करीब 10 बजे ओंकार अपने तीन साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान आपसी विवाद हुआ। तीन में से एक युवक वहां से चला गया, जबकि बाकी दो के साथ ओंकार मौजूद था।

Advertisement

कुछ देर बाद परिजनों को एक फोन कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उनका भाई वहां अधमरी हालत में पड़ा हुआ है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो ओंकार गंभीर हालत में था। उसे तत्काल 112 की मदद से सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। पीड़ित के भाई ने बताया मेरे भाई के साथ पहले से पुरानी दुश्मनी थी, करीब तीन-चार महीने से विवाद चल रहा था। जब हम उसे देखने पहुंचे तो वो अधमरी हालत में था। उसके शरीर, छाती और जबड़े पर चोट के निशान थे। डॉक्टर बोल रहे हैं कि शराब के नशे में ऐसा हुआ, लेकिन हमें शक है कि उसके साथ मारपीट की गई है।

 

परिजनों का आरोप है कि पुलिस शुरुआत में उनके पक्ष में होने की बात कहती रही, लेकिन अब न तो सही जानकारी दी जा रही है और न ही स्पष्ट कार्रवाई हो रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं, परिजन दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button