चलती स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से बची 5 की जान

बिलासपुर हाईवे में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बिलासपुर हाईवे पर दौड़ती स्कॉर्पियो अचानक आग का गोला बन गई, लेकिन चालक की सतर्कता से पांच लोगों की जान बच गई। घटना बिलासपुर मार्ग पर सेंदरी और गतौरी के बीच की है। मध्यप्रदेश के अनुपपुर निवासी पांच लोग निजी काम से बिलासपुर आए थे और स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान चलती गाड़ी के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। धुआं देखते ही चालक ने तुरंत वाहन सड़क किनारे रोका। गाड़ी रुकते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग बिना देर किए बाहर निकले और सुरक्षित दूरी बना ली।
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल जरूर रहा।




