देश

एक महिला ने फ्लाइट में एयर होस्टेस से की मारपीट..क्रू मेंबर को मारा मुक्का और अपने कपड़े उतार दिए

(शशि कोन्हेर) : फ्लाइट में हंगामा और क्रू मेंबर के साथ मारपीट करने के मामले में मुबंई पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, महिला को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। साथ ही महिला पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। एएनआई के अनुसार, महिला अबू धाबी से मुंबई जाने वाली विस्तारा एयरलाइन विमान (यूके 256) में यात्रा कर रही थी।

नशे में धुत महिला ने केबिन क्रू के एक सदस्य को मुक्का मारा और अन्य क्रू मेंबर पर थूका। एयरलाइन कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज करने वाली सहार पुलिस के मुताबिक, महिला यात्री इटली की रहने वाली है और उसका नाम पाओला पेरुशियो है। महिला काफी नशे में थी।

क्रू मेंबर्स से हुई बहस
महिला नशे में धुत्त अपनी सीट से उठकर जब बिजनेस क्लास की सीट पर बैठने लगी तो क्रू मेंबर्स ने इसको लेकर आपत्ति जताई और सीट से उठने के लिए कहा। इसी बात पर महिला को गुस्सा आ गया और उसने क्रू मेंबर के मुंह पर मुक्का मार दिया।

वहीं, अन्य क्रू मेंबर ने जब महिला को रोकने की कोशिश की तो उसपर भी महिला ने थूक दिया। महिला यहीं नहीं रुकी, उसने अपने कपड़े उतार दिए और फ्लाइट में घूमने लगी। पुलिस ने कहा कि महिला नशे में क्रू मेंबर्स को गंदी गालियां दे रही थी।

फ्लाइट में उतार दिए सारे कपड़े
नशे में धुत्त महिला ने अपने कपड़े उतार दिए जिससे हंगामा और भी बढ़ गया। कैप्टन के निर्देश के बाद महिला यात्री को पकड़ा गया और उसे कपड़े पहनाए गए और फिर फ्लाइट लैंड होने तक महिला को सीट पर बांधे रखा।

मुंबई पुलिस ने महिला यात्री का पासपोर्ट जब्त कर लिया और उसे अंधेरी कोर्ट में पेश करने के बाद आरोप पत्र दायर किया। हालांकि, महिला को जमानत मिल गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button