मोहभट्टा शिवधाम में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जयघोष से गूंजा परिसर

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बिल्हा से लगे मोहभट्टा स्थित शिव धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर मोहभट्टा शिव धाम में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्तों की आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते नजर आए। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं के साथ-साथ बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिला।इतना ही नहीं, इस अवसर पर मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जहां ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मेले में प्रसाद, पूजा सामग्री और खाने-पीने की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ नजर आई।स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि के दिन मोहभट्टा शिव धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।




