महामाया कुंड में फिर कछुओं की संदिग्ध मौत, चार शव मिलने से हड़कंप

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले में धार्मिक नगरी रतनपुर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर परिसर स्थित पवित्र कुंड में एक बार फिर कछुओं की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। कुंड के पानी में चार कछुए मृत अवस्था में तैरते मिले, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई। घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। मंदिर प्रबंधन की सूचना मिलते ही रतनपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले कुंड के आसपास जमा भीड़ को हटाया गया, इसके बाद चारों कछुओं के शव बाहर निकाले गए। मामला संदिग्ध नजर आने पर वन विभाग ने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी। चारों मृत कछुओं को रेंज कार्यालय लाकर कानन पेंडारी जू के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. पी.के. चंदन से पोस्टमार्टम कराया गया। अब रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की असली वजह सामने आएगी।
वन विभाग ने बिसरा भी सुरक्षित रख लिया है, जिसे लैब जांच के लिए भेजा जाएगा। यदि मौत प्राकृतिक कारणों से नहीं हुई पाई जाती है और शिकार या शरारत की पुष्टि होती है, तो वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में भी इसी कुंड में 30 कछुए जाल में फंसे मृत मिले थे। लगातार सामने आ रही घटनाओं से मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।




