महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की वाहन व ट्रेलर में हुई टक्कर, 7 लोग हुए घायल

(उज्ज्वल तिवारी) : जीपीएम – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन के श्रद्धालु प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे, जब उनकी यात्रा अचानक एक बड़े हादसे में बदल गई। गौरेला थाना क्षेत्र के मेढूका गांव के पास श्रद्धालुओं से भरे टेंपो तूफान वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में वाहन में सवार 12 श्रद्धालुओं में से 5 घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक महिला और उसके 15 वर्षीय बेटे को कमर में गंभीर चोटें आई हैं, आशंका जताई जा रही है कि उनकी हड्डियां भी प्रभावित हुई हैं। तीन अन्य घायलों का इलाज स्थानीय जिला अस्पताल में जारी है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन को बैक कर तेजी से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। प्रशासन अब ट्रेलर चालक की तलाश में जुटा है, ताकि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति को पकड़ा जा सके।




