कोयले से लदा ट्रेलर पुल से नीचे गिरा, केबिन चकनाचूर, चालक बाल-बाल बचा

(शैलेष सोनी) : जीपीएम – पेंड्रा-कोटमी मुख्य मार्ग पर कोयले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर खुज्जी नाला पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नाले में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक सूझबूझ से बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर कंचनपुर से कोयला लोड कर चांपा की ओर जा रहा था। खुज्जी नाला पुल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रेलर पुल की निर्माणाधीन रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नाले में जा गिरा।
केबिन चकनाचूर, चालक को मामूली चोट : दुर्घटना के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने तुरंत केबिन का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल की। हादसे में उसे केवल मामूली चोटें आई हैं।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़ : घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे की जानकारी स्थानीय प्रशासन को भी दे दी गई है। दुर्घटना के कारण पुल की हाल ही में बनाई जा रही रेलिंग को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।




