सामाजिक पुलिसिंग की अनोखी पहल : पुलिस सबरिया समाज को बना रही आत्मनिर्भर, अब गेंदा खेती से जुड़ेंगे लोग

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस की एक सराहनीय पहल सामने आई है। सामाजिक पुलिसिंग के तहत अब पुलिस प्रशासन सबरिया समाज को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) ने एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत सबरिया समाज के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उन्हें लैलूंगा, रायगढ़ में आयोजित गेंदा महोत्सव में शामिल कराया जाएगा।
यह कार्यक्रम 11 अक्टूबर को ग्राम कोड़केल में आयोजित होगा, जिसमें लगभग 150 सबरिया समाज के लोग भाग लेंगे। उन्हें गेंदा खेती के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे अपने जिले लौटकर इस खेती से आत्मनिर्भर बन सकें।इस पहल के पीछे प्रेरणा हैं विद्याधर पटेल, जिन्हें लोग ‘गेंदा वाला’ के नाम से जानते हैं — जो बड़े पैमाने पर गेंदा की खेती कर आज सफल किसान के रूप में मिसाल बने हैं।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अगर समाज का कमजोर वर्ग आत्मनिर्भर बनेगा, तो वह किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहेगा। जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल अब जिले में एक सकारात्मक बदलाव की मिसाल बनती जा रही है।




