न्यायालय परिसर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की आकस्मिक चेकिंग

रायपुर – न्यायालय परिसर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया, पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर के निर्देश पर 29 जनवरी को न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यह चेकिंग की गई। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर के निर्देशन में किया गया।
इस दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की 20 सदस्यीय टीम ने न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।आकस्मिक चेकिंग के दौरान तीन व्यक्तियों के पास से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं। इनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच की गई। जांच के बाद उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया।पुलिस ने न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की आकस्मिक चेकिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।




