भीषण आग से घर जलकर राख, फायर ब्रिगेड की लेटलतीफी पर भड़के लोग..!

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के पॉश इलाके 27 खोली विकास नगर में सोमवार रात भीषण आग लगने से एक परिवार का पूरा घर जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा बिस्तर, पलंग, कपड़े और रोजमर्रा का पूरा सामान राख में तब्दील हो गया। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकले और आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार किराए के मकान में रहता है और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करता है। घर में 6 से 8 सदस्य रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोपहर से इलाके की बिजली बंद थी। शाम को पूजा के लिए घर में दिया जलाया गया था, जिसके बाद अचानक आग भड़क गई। आशंका जताई जा रही है कि जलते दिए से ही आग फैली। कॉलोनी के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि फायर स्टेशन नजदीक होने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब 45 मिनट देर से मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गरीब परिवार का पूरा आशियाना जलकर राख हो गया।




