कानन पेंडारी जू में गर्मी से बचाव के खास इंतजाम, वन्यजीव ले रहे ठंडक का आनंद

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – गर्मी का असर अब बढ़ने लगा है। ऐसे में इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की देखभाल भी बड़ी चुनौती होती है। बिलासपुर के कानन पेंडारी जू में गर्मी से बचाव के खास इंतजाम किए गए हैं। जहां वन्यजीव पानी, तालाब और पेड़ों की छांव में राहत लेते नजर आ रहे हैं।
लोकस्वर के कैमरे में कैद ये खास तस्वीरें कानन पेंडारी जू की हैं… जहां व्हाइट टाइगर “रमन” केज के अंदर पानी में अठखेलियां करता नजर आया। वहीं बादल और वर्षा भी ठंडे पानी में खेलते दिखाई दिए। इन नजारों को देखकर जू पहुंचे पर्यटक रोमांचित हो उठे। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जू प्रबंधन ने वन्यजीवों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हर साल की तरह इस बार भी स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया गया है, जिससे शाकाहारी जानवरों के बाड़ों में ठंडक बनी रहे। साथ ही हरी घास की नियमित व्यवस्था की जा रही है, जिससे जानवरों को पोषण के साथ राहत भी मिले। वहीं मांसाहारी वन्यजीवों के बाड़ों में कूलर और एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं, ताकि उमस और गर्मी का असर कम हो सके।
जू प्रबंधन का दावा है कि अभी तक सभी वन्यजीव पूरी तरह स्वस्थ हैं, और डॉक्टरों की टीम नियमित रूप से उनकी जांच कर रही है। कुल मिलाकर, गर्मी से बचाव के लिए किए गए इन इंतजामों से वन्यजीवों को काफी राहत मिल रही है… और यही वजह है कि जू में आने वाले पर्यटक भी इन खुशनुमा पलों का आनंद उठा रहे हैं।




