ट्रांसफार्मर केबल में लगी आग, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, गंगानगर फेस-2 में रातभर अंधेरे में रहे लोग

बिलासपुर के गंगानगर फेस-2 स्थित महावीर अपार्टमेंट के पास देर रात करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर की केबल में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई, जिससे कॉलोनीवासियों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंगला शिकायत केंद्र में सूचना दी, लेकिन तकनीकी टीम बड़ी गाड़ी आने की बात कहकर वापस लौट गई।
बिजली सप्लाई ठप होने से नाराज लोगों ने नेहरू नगर जोन के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। सुबह करीब 6 बजे जब बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो कॉलोनीवासियों ने स्थायी समाधान और वरिष्ठ अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए काम रुकवा दिया।
करीब ढाई घंटे तक विवाद की स्थिति बनी रही। बाद में CSPDCL के ईडी एके अंबस्ट से बातचीत के बाद 24 घंटे के भीतर स्थायी समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े 8 बजे इलाके की बिजली बहाल कर दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद इस तरह की समस्याएं बार-बार सामने आ रही हैं।




