रेस्टोरेंट की बड़ी लापरवाही, ग्राहक की बिरयानी में निकला कॉकरोच

रायपुर में एक बार फिर होटल-रेस्तरां की लापरवाही सामने आई है। भाटागांव इंटर-स्टेट बस टर्मिनल के पास स्थित मद्रासी रेस्टोरेंट में एक ग्राहक की प्लेट में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायत करने पर मैनेजर और ग्राहक के बीच जमकर बहस हो गई।
देर रात करीब 11:30 बजे भाटागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टेशन के पास बने मद्रासी रेस्टोरेंट में भोजन की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने रात के खाने में बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन जैसे ही प्लेट सामने आई, उसमें एक मरा हुआ कॉकरोच मिला।
खाने में कीड़ा मिलने से ग्राहक भड़क उठा और उसने तुरंत होटल मैनेजर से शिकायत की। लेकिन ग्राहक के अनुसार, गलती मानने के बजाय मैनेजर उल्टा बहस पर उतारू हो गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच काफी देर तक तकरार चलती रही।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग भी रेस्टोरेंट की साफ-सफाई पर सवाल उठाने लगे। ग्राहकों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर स्वच्छता के नाम पर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जो सीधा उनकी सेहत के लिए खतरा है।




