बिलासपुर

स्कूल ड्राइवर की हत्या: शराब दुकान के पास खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप….

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एलसीआईटी पब्लिक स्कूल, बोदरी में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शराब दुकान के पास मिला। धारदार हथियार से हमला कर की गई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

Advertisement

सकरी थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने शराब दुकान से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे खून से लथपथ एक शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रहलाद कुमार के रूप में की, जो ग्राम चिल्हाटी, सोन लोहर्षी थाना पचपेड़ी का निवासी था और एलसीआईटी पब्लिक स्कूल, बोदरी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।

Advertisement

घटनास्थल से प्रहलाद का स्कूल आई-कार्ड और उसकी बाइक क्रमांक CG 10 ZK 2295 भी बरामद हुई है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के कई निशान मिले, जिससे साफ होता है कि उसकी निर्मम हत्या की गई है। आशंका है कि रविवार देर रात किसी समय वारदात को अंजाम दिया गया और शव को वहीं छोड़ दिया गया।

सुबह जानकारी मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है। इसके अलावा प्रहलाद के कॉल डिटेल भी निकाले जा रहे हैं, ताकि हत्या के पीछे की वजह और संभावित आरोपी तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या माना है। आरोपियों की तलाश जारी है और जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। पुलिस इस हत्या को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठाने का दावा कर रही है। मामला क्या मोड़ लेता है, इसका इंतजार रहेगा।

Related Articles

Back to top button