केन्द्रीय जेल में गैंगवार, यश शर्मा हत्याकांड के मुख्य गवाह पर जानलेवा हमला

रायपुर के केन्द्रीय जेल से एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल के भीतर गैंगवार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बहुचर्चित यश शर्मा हत्याकांड के मुख्य गवाह कुशाल तोलानी पर जेल के अंदर जानलेवा हमला किया गया है।
बताया जा रहा है कि कुशाल तोलानी प्रतिबंधित धाराओं में महज एक दिन के लिए जेल गया था। इसी दौरान जेल में पहले से बंद हत्याकांड के आरोपियों ने उस पर हमला करवाया। आरोप है कि एनडीपीएस एक्ट में सजा काट रहा एक कैदी चाकू से कुशाल तोलानी पर टूट पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों के मुताबिक जेल में मारपीट और ब्लेडबाजी की सुपारी देने का खेल लंबे समय से चल रहा है। इस हमले के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कलेक्टर और एसएसपी से लिखित शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल घायल कुशाल तोलानी का इलाज जारी है, जबकि पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।




