दुर्ग

महिला की हत्या का खुलासा : दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर दो युवकों ने की थी हत्या

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए थे और जब उसने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई को मजदूरी के लिए निकली भगवंतीन साहू घर वापस नहीं लौटी थीं। अगले दिन पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम में सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के साथ हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गवाहों से पूछताछ के बाद हर्ष यादव और नितेश ठाकुर को हिरासत में लिया गया।

Advertisement

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब के नशे में उन्होंने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर एक आरोपी ने गमछे से गला दबाया, जबकि दोनों ने बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद कपड़े बदलकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button