सर्पदंश फर्जीवाड़े में दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, SSP रजनेश सिंह ने किया खुलासा

(भूपेंद्र सिंह राठौर ) : बिलासपुर के बहुचर्चित सर्पदंश फर्जी मुआवजा मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि सिम्स पुलिस चौकी में पदस्थ रहे दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर फर्जी सर्पदंश मामलों में सक्रिय गिरोह की मदद करने का आरोप है।
एसएसपी के अनुसार, गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की पहचान रामकुमार पाटनवार और रामेश्वर भास्कर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि सिम्स में जैसे ही कोई शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचता था, दोनों गिरोह के सदस्य महेंद्र मनहर को इसकी सूचना देते थे। इसके बाद मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजे का लालच देकर मौत को सर्पदंश से हुई बताने के लिए कथित रूप से तैयार किया जाता था।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को गिरोह को सूचना उपलब्ध कराने और परिजनों को तैयार कराने में सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अब दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा किया जा सके।



