बिलासपुर
बिलासपुर में भारी बारिश के चलते आज सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित

बिलासपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में हो रही भीषण वर्षा और खराब मौसम के कारण 17 जुलाई को संचालित होने वाले सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूल बंद रहेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश कलेक्टर के निर्देश पर घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्राचार्यों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की ओर से भी जिले में तेज बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों से भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की गई है।




