VIDEO : सड़क बनी ‘स्वीमिंग पूल’: बच्चों ने जमकर की मस्ती, जलभराव में उठाया वाटर पार्क का लुत्फ

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश से जहां कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं बसंत विहार चौक की सड़क बच्चों के लिए अस्थायी ‘स्वीमिंग पूल’ बन गई। सड़क पर भरे पानी में बच्चों ने घंटों मस्ती की और बारिश का भरपूर आनंद लिया। इस दौरान लोगों ने बच्चों की मस्ती का वीडियो भी अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
बसंत विहार चौक पर बारिश के बाद सड़क पर इतना पानी भर गया कि वह किसी स्वीमिंग पूल से कम नहीं दिखी। बच्चे इस मौके का पूरा फायदा उठाते नजर आए। किसी ने पानी में छलांग लगाई तो कोई तैरने और उछल-कूद करते हुए दिखाई दिया। सड़क पर बना यह नजारा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
हालांकि यह दृश्य बच्चों के लिए खुशी का कारण बना, लेकिन जलभराव ने इलाके की बदहाल जल निकासी व्यवस्था की भी पोल खोल दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में बसंत विहार चौक पर यही स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।




