दुर्ग

पुलिस ने 8 सिलसिलेवार चोरियों का किया खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 32 लाख का माल और 3 वाहन बरामद

दुर्ग जिले के मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आठ चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 32 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है, जिसमें 168 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी, दो एलईडी टीवी, एक डीवीआर, चोरी के औजार तथा दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन शामिल हैं। आरोपियों तक पहुंचने में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।

Advertisement

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अनुराग मिश्रा पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम करता था। ऑनलाइन लोन के बढ़ते कर्ज और आर्थिक संकट के चलते उसने सूने मकानों की रेकी कर चोरी करना शुरू कर दिया। पूछताछ में उसने चोरी के सोने के आभूषणों को विभिन्न फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर ऋण लेने और रकम का निवेश करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया अपनाकर गिरवी रखे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

Advertisement

मामले में तुषार मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके खाते में चोरी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों ने मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज आठ चोरी के मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। दुर्ग पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान, रात्रिकालीन गश्त और तकनीकी निगरानी जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि मकान सूना छोड़ने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करें।

Related Articles

Back to top button