दुर्ग

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध हेरोइन यानी चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। थाना जामुल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन बीएनएस स्कूल के पास दबिश देकर आरोपी महिला को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 49.8 ग्राम हेरोइन, नगदी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान राजविन्दर कौर, उम्र 25 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई के रूप में हुई है। सूचना मिली थी कि वह इलाके में हेरोइन की बिक्री कर रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 49.8 ग्राम हेरोइन, एक हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।

Advertisement

थाना जामुल में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button